Singrauli News :सागर में आयोजित बालिकाओं की राज्य स्तरीय शालेय कूडो प्रतियोगिता में सिंगरौली की श्रद्धांजलि साहू ने स्वर्ण पदक अर्जित कर जिले का नाम रोशन किया है। इस खेल विधा की राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु मध्यप्रदेश की टीम में अपना स्थान पक्का कर लिया है। जबकि इसी प्रतियोगिता में सिंगरौली से ही प्रियंका शाह ने रजत एवं संगीता जायसवाल और सिम्पल शाह ने कांस्य पदक प्राप्त कर जिला और रीवा संभाग को गौरवान्वित किया है। सिंगरौली टीम कोच शांति विश्वकर्मा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार लोक शिक्षण संचालनालय मध्य प्रदेश द्वारा बालिकाओं की इस प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 13 दिसंबर तक सागर में किया गया था। जिसमें सिंगरौली जिला की उक्त खिलाड़ियों ने रीवा संभाग की टीम के सदस्य के रूप में भाग लिया था। जहां अंडर 19 वर्ष के 53 किलोग्राम वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए श्रद्धांजलि साहू ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया। जबकि इसी उम्र वर्ग के 44 किलोग्राम वजन वर्ग में संगीता जायसवाल कांस्य पदक प्राप्त करने में सफल रही।
पदाधिकारियों ने जताया हर्ष
खिलाड़ियों की इस सफलता पर जिला शिक्षा अधिकारी एसबी सिंह, सहायक संचालक शिक्षा व प्रभारी एडीपीसी कविता त्रिपाठी, प्राचार्य शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अशोक मिश्रा, कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास गनियारी की अधीक्षिका भावना सिंह, सिंगरौली कराते एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवेन्द्र बहादुर सिंह, संयुक्त सचिव सुग्रीव वर्मा, भोला प्रसाद वर्मा, कूडो एसोसिएशन ऑफ सिंगरौली डिस्ट्रिक्ट के अध्यक्ष अरविन्द मिश्रा, चेयरपर्सन मुजक्किर हुसैन, रियाज खान, धर्मेन्द्र जायसवाल, रवि चौरसिया ने हर्ष जताया।
थोड़े अंतर से मिला कांस्य पदक
इसी तरह 17 वर्ष से कम 60 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में प्रियंका शाह ने रनरअप पोजीशन पर पहुंच रजत पदक एवं 17 वर्षीय उम्र वर्ग के ही 33 किलोग्राम वजन वर्ग में सिम्पल शाह ने सेकंड रनर अप पोजीशन में कांस्य पदक प्राप्त किया। गौरतलब है कि यह सभी खिलाड़ी कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास गनियारी में रहते हुए शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वैढ़न में अध्ययनरत है। जो राज्य शासन की योजना के तहत कूडो एसोसिएशन ऑफ सिंगरौली एवं सिंगरौली डिस्ट्रिक्ट कराते एसोसिएशन के योग्य प्रशिक्षकों के माध्यम से मार्शल आर्ट विधा कूडो, कराते एवं जूझेो का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
Singrauli News : हत्याभियुक्त को हुई आजीवन कारावास! 44 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया